नई दिल्ली/मुंबई | विनोद तिवारी !
केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए महाराष्ट्र के रेल बुनियादी ढांचे को लेकर बड़े निवेश की घोषणा की है। सोमवार को एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के लिए इस वर्ष ₹23,926 करोड़ का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है, जो 2009-2014 के औसत वार्षिक बजट (₹1,171 करोड़) की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक है।
दो नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की सौगात :
- रेल मंत्री ने महाराष्ट्र के लिए दो नए हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर सबको चौंका दिया:
- मुंबई–पुणे: इस कॉरिडोर के बनने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर मात्र 48 मिनट रह जाएगा।
- पुणे–हैदराबाद: इस रूट पर बुलेट ट्रेन चलने से यात्रा केवल 1 घंटा 55 मिनट में पूरी होगी।
132 स्टेशनों का होगा कायाकल्प :
राज्य में बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए ₹1,70,058 करोड़ के कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। ‘अमृत स्टेशन योजना’ के तहत महाराष्ट्र के 132 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए ₹5,675 करोड़ का निवेश किया जा रहा है।
नेटवर्क विस्तार और सुरक्षा पर जोर :
- 100% विद्युतीकरण: महाराष्ट्र में रेलवे नेटवर्क का पूर्ण (100%) विद्युतीकरण हो चुका है। 2014 के बाद से राज्य में 2,400 किलोमीटर नई पटरियां बिछाई गई हैं।
- सड़क सुरक्षा: लेवल क्रॉसिंग पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए 1,228 फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण किया गया है।
- ’कवच’ सुरक्षा तंत्र: स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ को 4,971 रूट किलोमीटर के लिए मंजूरी दी गई है, जिसमें से 576 किलोमीटर पर काम पूरा हो चुका है।
वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों का विस्तार :
महाराष्ट्र में अब प्रीमियम ट्रेनों का जाल बिछ चुका है। वर्तमान में राज्य से 12 जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस और 5 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक और तेज परिवहन की सुविधा मिल रही है।











Leave a Reply