नई दिल्ली | मंगलवार, 3 फरवरी 2026
विनोद तिवारी!
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर सेशेल्स (Seychelles) गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. पैट्रिक हर्मिनी (Patrick Herminie), 5 से 10 फरवरी 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। पिछले साल अक्टूबर में कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रपति हर्मिनी की यह पहली भारत यात्रा होगी। यह दौरा बेहद खास है क्योंकि यह दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता :
अपनी इस 6 दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति हर्मिनी राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति (द्रौपदी मुर्मू) से भेंट करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और साझा हित के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

मुंबई और चेन्नई में व्यापारिक कार्यक्रम :
नई दिल्ली में आधिकारिक बैठकों के अलावा, राष्ट्रपति हर्मिनी चेन्नई और मुंबई का भी दौरा करेंगे। इन शहरों में वे विभिन्न व्यापारिक कार्यक्रमों (Business Events) में शामिल होंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक निवेश और व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करना है।
’महासागर’ विजन और हिंद महासागर में रणनीतिक महत्व :
हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स, भारत का एक प्रमुख समुद्री पड़ोसी है। भारत के विजन ‘महासागर’ (MAHASAGAR – Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता में सेशेल्स का विशेष स्थान है।
बढ़ते मजबूत संबंध :
इससे पहले अक्टूबर 2025 में भारत के उपराष्ट्रपति ने सेशेल्स का दौरा किया था। राष्ट्रपति हर्मिनी की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा और जन-केंद्रित संबंधों (People-to-People ties) को नई गति मिलने की उम्मीद है।











Leave a Reply