नवभारत टाइम्स के वरिष्ठ पत्रकार अरविंद त्रिपाठी को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मान!

डेली डोज ! कल्याण

कल्याण शहर के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक गणेश उत्सव महामंडल द्वारा आयोजित भव्य समारोह में नवभारत टाइम्स के वरिष्ठ पत्रकार अरविंद त्रिपाठी को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिवसेना के विधायक विश्वनाथ भोईर और महेश गायकवाड के द्वारा प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कल्याण (पूर्व) में गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें गणमान्य अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले अनेक व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

ADVERTISEMENT
Join Team Sushil Singh - Health Insurance Advisor

गणेश महामंडल के अध्यक्ष श्री मुकेश झा और महेश गायकवाड ने अपने वक्तव्य में कहा कि अरविंद त्रिपाठी ने पत्रकारिता को एक सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में निभाया है। उन्होंने न केवल समस्याओं को उजागर किया, बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने का कार्य भी किया है। उनकी लेखनी में सच्चाई, निष्पक्षता और जनहित की भावना स्पष्ट झलकती है। इसीलिए इस वर्ष उन्हें सम्मानित करना महामंडल के लिए गर्व की बात है।

अरविंद त्रिपाठी पत्रकारिता जगत में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं और ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, अंबरनाथ और बदलापुर जैसे क्षेत्रों की सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक घटनाओं पर गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने हमेशा उन मुद्दों को प्राथमिकता दी है जो आम जनता के जीवन को प्रभावित करते हैं।

उनकी रिपोर्टिंग में जनहित सर्वोपरि रहा है — चाहे वह प्रशासन की अनदेखी हो, समाज की उपेक्षित आवाज़ें हों या फिर ज़मीनी स्तर की समस्याएँ।

सम्मान ग्रहण करते समय अरविंद त्रिपाठी ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए गर्व की बात है, लेकिन साथ ही यह मेरी जिम्मेदारियों को और बढ़ाता है। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा का माध्यम है। मैं इस विश्वास और प्रेम के लिए महामंडल व आयोजकों का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *